
जयपुर: बीजेपी के राजस्थान प्रभारी एंव राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह हिंडौन दौरे पर आ रहे हैं। दिल्ली से सड़क मार्ग से हुए हिंडौन पहुंचेंगे। अरुण सिंह दिल्ली से रवाना हो चुके हैं।
आपको बता दें कि करौली में दलित लड़की के साथ हुई रेप और हत्या की जघन्य वारदात में पीड़ित परिवार का हिंडोन सिटी में धरना जारी है। बीजेपी राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा शुक्रवार से ही धरने पर बैठे हैं। शनिवार को इस धरने में शामिल होने के लिए बीजेपी प्रभारी अरुण सिंह का करौली जाने का कार्यक्रम बना है।
हिंडौन के नादौती में 19 वर्षीय दलित मासूम का शव कुएं से बुरी अवस्था में निकाला गया था। दो दिन लापता रहने के बाद जब शव कुंए में पाया गया तब सारी घटना सामने आई। प्रथम दृश्या दलित लड़की के साथ रेप करने के बाद उसे गोली मारकर उसके चेहरे पर एसिड डालकर कुएं में फेंक दिया गया होगा, ऐसा प्रतीत हुआ है। ये घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करती है। अरुण सिंह हिंडौन सिटी पहुंचकर पीड़ित परिवार के साथ धरने में शामिल होंगे ।
इधर किरोडीलाल मीणा धरने पर पहले से ही बैठे हैं, यहां तक बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से सांसद दिया कुमारी, रंजीता कोली, सुमन शर्मा भी पीड़ित परिवार से मिलने शुक्रवार को हिंडौन पहुंची थी। पीड़ित परिवार के लिए न्याय मांगते हुए ह्त्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी, परिवार को मुआवज़ा, घर के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी की मांग की जा रही है।



