
जयपुर: बीकानेर में पीएम के दौरे को लेकर कांग्रेस ने सद्बुद्धि यज्ञ किया और पीएम को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित हुए इस सद्बुद्धि यज्ञ में शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला भी शामिल हुए। इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से जगह- जगह केंद्र सरकार के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भाजपा पर वादाखिलाफि का आरोप लगाते हुए उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होने की बात कही। उन्होंने भाजपा मुर्दाबाद और कांग्रेस जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
कांग्रेस की ओर से आयोजित हुए यज्ञ में शामिल होने के बाद मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी ने पीएम नरेंद्र मोदी को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ किया है। केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी को रोक नहीं सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने जनता से रोजगार का वादा किया लेकिन उसमें वे फेल हो गए। मणिपुर में हिंसा जारी है लेकिन अभी तक पीएम ने दौरा नहीं किया। आज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। लोकतांत्रिक तरीके से चुने हुए लोगों को आज हटाया गया। हमें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा विश्वास है। जिस तरीके से उन्होंने जनता से वादे किए हैं। उन्हें पूरा नहीं किया गया है।
मंत्री कल्ला ने कहा कि राजस्थान सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए महंगाई राहत कैंप लगाई। जिसमें 10 गारंटी कार्ड लोगों को दिए गए। गहलोत सरकार ने जनता से जो वादे किए उन्हें पूरा करने का काम किया। सरकार ने 100 यूनिट नि:शुल्क बिजली देने का काम किया। किसानों को 2000 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है। इसके साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत जिनको गैस सिलेंडर केंद्र सरकार की ओर से दिए गए, लेकिन गैस के दाम बढ़ने से वह उसे भरा नहीं पा रही थी। राजस्थान सरकार ने ऐसे परिवारों को 500 रूपए में सिलेंडर देकर उन्हें राहत देने का काम किया। प्रदेश में उन्होंने फिर से कांग्रेस सरकार रिपीट होने की बात कही।



