
लखीमपुर खीरी: शनिवार को सीएचसी मितौली का सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां क्षेत्र में टीकाकरण की स्थिति की जांच की, वहीं बीपीएचयू और 20 बेड वाले वार्ड का निरीक्षण किया। सीएचसी के फ्लोर को टूटी-फूटी अवस्था में देखकर नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द मरम्मत करवाने के निर्देश सीएचसी अधीक्षक डॉ देवेंद्र सिंह को दिए।
निरीक्षण के क्रम में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि शनिवार को वह औचक निरीक्षण पर सीएचसी मितौली पहुंचे थे, जहां पर उन्होंने नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और 20 शैय्या युक्त वार्ड का निरीक्षण किया। सीएससी गैलरी में फ्लोर टूटा-फूटा दिखाई दिया, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और उसकी तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। क्षेत्र में टीकाकरण में सुधार के निर्देश दिए और वीएचएनडी सत्र की निगरानी को और अधिक मजबूत करने को कहा।
उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ देवेंद्र सिंह को स्वयं भी वीएचएनडी सत्र का निरीक्षण करने के निर्देश दिए साथ ही बीपीएम को सत्र के निरीक्षण के लिए निर्देशित करने को कहा है, कमी पाए जाने पर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी एएनएम को निर्देशित करें कि वह डियू लिस्ट को तैयार कर टीकाकरण करना सुनिश्चित करें और निरीक्षण के दौरान डियू लिस्ट को संबंधित अधिकारी अवश्य देखें।




