



लखनऊ: सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का आवाह्न किया कि उपचुनाव की तैयारी तो करनी है, साथ ही 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर पूरी सावधानी से भाजपा का मुकाबला करना है। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है और आने वाले चुनावों में भी समाजवादी पार्टी ही भाजपा को हरायेगी। 2027 में भाजपा की विदाई तय है।
अखिलेश यादव सपा के प्रदेश मुख्यालय के सभागार में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल जैसी घटनाएं हो रही है। बच्चियों की हत्याएं हो रही है। कानून व्यवस्था चौपट है। अपराधों में लगातार इज़ाफ़ा हुआ है। सपा सरकार ने 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा बनाई थी लेकिन भाजपा ने उसे निष्प्रभावी बना दिया।
सपा अध्यक्ष ने फर्रुखाबाद में दो बालिकाओं की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर भी सरकार को घेरा. अखिलेश यादव ने कहा कि फर्रुखाबाद मामले पर भाजपा सरकार की चुप्पी विचलित करने वाली है। भाजपा केवल राजनीतिक फायदे के लिए लोगों को गुमराह कर रही है।