
लखीमपुर खीरी: कहते हैं सोशल मीडिया के जमाने में कोई भी चीज किसी से छिपी नहीं रह सकती। ऐसा ही कुछ हाल हुआ है लखीमपुर खीरी जिले में शहर से बाहर बने इंदिरा मनोरंजन वन का। इंदिरा मनोरंजन वन जिलावासियों के लिए तो दशकों पुरान पिकनिक स्पॉट है, लेकिन रखरखाव के अभाव में बुरा हाल हो गया था, तो कोशिशें करने इसके जीर्णोंद्धार की प्लानिंग हुई। ठेका कंपनी को करीब 3 करोड़ का काम दिया गया। काम खूब जोरों पर चला। जिले के लोगों में एक उम्मीद फिर बंधी कि चलो अच्छा है फिर इंदिरा वन में घूमने का मौका मिलेगा। हुआ भी ऐसा ही, फिर से इंदिरा वन को नया सा बना दिया गया।

करीब एक महीना पहले ही केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और बीजेपी विधायक के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर इसका उद्घाटन किया। एक दो दिन माहौल अच्छा रहा। लोग सपरिवार इंदिरा वन में घूमने फिर से आने लगे।
कुछ वक्त के बाद मॉनसून की बारिश की वजह से लोगों का आना जाना थोड़ा कम हुआ, तो इंदिरा मनोरंजन वन प्रशासन भी ढीला पड़ गया। दरअसल ये सबकुछ इंदिरा मनोरंजन वन घूमने गए एक स्थानीय निवासी ने अपने मोबाइल में कैद किया। वीडियो सोशल मीडिया पर स्थानीय रूप से वायरल भी हो रहे हैं।
न साफ सफाई हो रही है, न पीने का पानी उपलब्ध है और न ही यहां पहुंचने वाले लोगों को बाकी व्यवस्थाओं से सुविधा हो रही है। जलपान गृह ताला लगा है। वॉटर कूलर में पानी नहीं आ रहा। बोटिंग एरिया में बने पॉन्ड में काई जम चुकी है। ग्रास एरिया में मवेशी घास चर रहे हैं। यहां काम करने वाला एक शख्स मिला, जिसने बताया कि वो यहां पर वाचर है। लेकिन इस पिकनिक स्पॉट की व्यवस्थाएं वीडियो में दिखाई पड़ती हैं। न सुरक्षा की कोई व्यवस्था, न सुविधाओं की कोई जगह।
इतने इंतजार के बाद खुला इंदिरा मनोरंजन वन फिर से देखरेख के अभाव में अपनी पुरानी अवस्था में कहां न लौट जाए, तो कोई बड़ी बात नहीं है। फिलहाल देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इसपर क्या रुख अपनाते हैं।



