
डूंगरपुर: शहर के नया बस स्टैंड के पास एक व्यापारी का सिर फोड़ने का मामला सामने आया है। घटना के वक्त आसपास रहे लोगों ने आरोपी को दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक स्थानीय व्यापारी ने आरोपी को शराब के लिए रुपए नहीं दिए तो उसने व्यापारी का सिर ही फोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने स्कूटी लेकर जा रहे एक व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया, जिससे उनके सिर पर काफी चोट आई है। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों बदमाशों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। बिलड़ी निवासी भावेश पुत्र प्रेमचंद कलाल ने बताया कि शहीद पार्क के पास उसकी दुकान है। रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर जब वो घर जा रहे थे, इसी दौरान बस स्टैंड के पास स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने उनसे शराब के लिए रुपए मांगे, रुपये नहीं देने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। भावेश के शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे अक्षित और तिलक गोस्वामी ने बीच-बचाव कर व्यापारी की जान बचाई।
इसी वक्त और भी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस बीच पुलिस को मामले की सूचना भी दी गई। मारपीट कर रहे दोनों बदमाशों को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित की ओर से दोनों बदमाशों खिलाफ कोतवाली में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई। स्थानीय युवा कुलदीप खटीक ने बताया कि शहर में क्राइम बढ़ रहा है। स्थानीय पुलिस को गश्त और अपना संख्या बल बढ़ाना चाहिए। कहा जा रहा इसको लेकर जयपुर में डीजीपी को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।



