
दौसा: सिकराय के राजवास में अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। सरकारी स्कूल के बच्चे ही ग्रामीण के साथ प्रदर्शन के लिए उतर गए। ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के गेट के ताला जड़ दिया। दरअसल ये प्रदर्शन विद्यालय में शिक्षकों की कमी के चलते किया जा रहा है।
सिकराय विधानसभा क्षेत्र में आए दिन विद्यालयों में इस तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं। ये तस्वीरें राजवास विद्यालय की हैं। समाजसेवी ओमप्रकाश घूमना भी राजवास विद्यालय पहुंचे। आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह जब स्कूली बच्चे विद्यालय पहुंचे तो ग्रामीणों ने यहां पर पहले से ही ताला जड़ दिया था। ग्रामीणों ने बच्चों को बताया कि ये ताला क्यों लगाया गया है। बच्चों से भी समर्थन मांगा गया उसके बाद बच्चे उनके समर्थन में वहीं बैठ गए।
समाजसेवी ओमप्रकाश घूमना भी राजवास विद्यालय पहुंचकर इसमें शामिल हुए। उन्होंने बताया कि करीब 900 से अधिक विद्यार्थी विद्यालय में पढ़ते हैं, लेकिन विद्यालय में मात्र 6 शिक्षक ही कार्यरत हैं। इस वजह से छात्रों की पढ़ाई चौपट हो रही है और अब विद्यालय के गेट के ताला लगा हुआ है। जब तक शिक्षा विभाग के अधिकारी नहीं आते तब तक गेट के बाहर ऐसे ही प्रदर्शन जारी रहेगा। सभी एक सुर में विद्यालय में और शिक्षक लगाए जाने की मांग कर रहे हैं।



