
जयपुर: राजस्थान यूनिवर्सिटी में इन दिनों छात्र राजनीति का माहौल देखने को मिल रहा है। इस बीच शनिवार को विश्वविद्यालय में एक शख्स प्रदर्शन करता हुआ नज़र आया। ये कोई और नहीं बल्कि मोहम्मद मुस्तफा हैं। जिन्हें पहले भी लोगों की आवाज़ बनते देखा जाता रहा है।
दरअसल एजेंसी प्रथा के तहत नौकरी कर रहे कर्मचारियों ने जून 2023 का वेतन दिलवाने, पुलिस वेरीफिकेशन करवाने पर रोक लगाने, ईएसआई कार्ड बनवाने, हर महीने पीएफ की राशि भविष्य निधि कार्यालय में जमा कराने के कुछ अन्य मांगों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कुलसचिव कार्यालय पर और वित्त विभाग के सामने प्रदर्शन कर अपनी मांगे रखीं। उसके बाद कुलपति सचिवालय पर आकर धरने पर ये लोग बैठ गए।
आरयू में वीसी सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे मोहम्मद मुस्तफा
सिंडीकेट सदस्य प्रोफेसर एसलस शर्मा ने धरना स्थल पर आश्वासन दिया और कहा कि एजेंसी वालों को बुला रहे हैं, ताकि समस्या का समाधान करवाया जा सके। इधर कुलपति ने भी आश्वासन दिया कि वेतन रिलीज करवा दिया जाएगा।
लेकिन देर शाम तक कर्मचारियों के खाते में एक रुपए भी नहीं आया। इसलिए कर्मचारी वहां डटे रहे। कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में मोहम्मद मुस्तफा ने धरना जारी रखा, उनका कहना है कि जब तक कर्मचारियों के खाते में वेतन नहीं जाएगा, तब तक वो धरने से नहीं हठेंगे। खबर लिखे जाने तक मोहम्मद मुस्तफा ने अपना धरना खत्म नहीं किया था।



