
जयपुर: राजस्थान विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार कैंपस के विवेकानंद पार्क में छात्र-प्रतिनिधि बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें 25 से ज्यादा छात्रनेता मौजूद रहे। छात्र नेताओं ने सभी के साथ अपना विज़न साझा किया। साथ ही जो-जो काम उनके द्वारा आज तक किये गए हैं, वो उन्होंने छात्रों के सामने रखे।

बैठक में मौजूद छात्रों ने भी छात्र नेताओं से खूब सवाल दागे। शिक्षण संस्थान में सीधी बात जैसा एक माहौल बना दिखाई दिया जहां छात्र और उनका प्रतिनिधित्व करने वाले छात्र नेता आमने-सामने संवाद कर रहे थे। छात्र नेताओं ने छात्रों की तमाम बातों को लेकर वादा किया। सबसे बड़ा मुद्दा पोस्टर व गाड़ियों का रहा।
छात्रनेताओं ने इस विषय को गंभीरता से लिया। इस पहल को छात्रों ने सराहा भी। डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. नरेश मालिक ने बताया कि संघटक कॉलेजों में भी डिबेट आयोजित करवाई जाएगी। इंवेट कॉर्डिनेटर कुश शर्मा ने बताया कि वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने व छात्रों में जागरूकता लाने लिए कैंपेन चलाया जाएगा। डिबेट में लॉ कॉलेज के साथ-साथ संघटक कॉलेज छात्र प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



