
दौसा: कर्नाटक में दिगंबर जैन आचार्य कामकुमार नंदी जी महाराज की बर्बर हत्या के विरोध में गुरुवार को जैन समाज के लोगों ने दौसा के लालसोट में जुलूस निकाला और ज्ञापन सौंपा। लालसोट सकल जैन समाज एवं जैन युवा संघ के तत्वावधान में मौन जुलूस बड़े जैन मंदिर से शुरू होकर पंचायत समिति कार्यालय पर पूरा हुआ। इस दौरान समाज की ओर से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम बृजेंद्र मीणा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में जैन साधुओं को संरक्षण देने की मांग की गई।
इस दौरान सकल जैन समाज के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज की महिला, पुरुषों के हस्ताक्षर किए हुए ज्ञापन में लिखा गया है कि जैन संत की हत्या से संपूर्ण विश्व का जैन समाज इस जघन्य घटना से बेहद दुखी है, जैन समाज इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा करता है. दोषियों को सजा एवं चार्जशीट पेश करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई कराने सहित कर्नाटक सरकार से जैन साधु की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
इस दौरान समाज के रतन लाल सोनी, मगनलाल अग्रवाल, महावीर प्रसाद सोनी, अनिल बैनाड़ा, अजीत बड़जात्या, राकेश सोनी, सुभाष बड़जात्या, महावीर जैन किशोरपुरा ,सुभाष कासलीवाल, अतुल बैनाडा , धर्मेश जैन, सुभाष श्रीमाल ,अनिल जैन, दीपक बिलाला, राकेश बैनाडा, पवन जैन, सुनील पाटनी, बाबू बड़जात्या, विशाल गंगवाल, प्रभाकर बड़जात्या, लोकेंद्र सोनी, कमलेश जैन श्रीमाल, जैन युवा संघ अध्यक्ष अभिनव बैनाडा, संतोष सोनी ,उषा बैनाडा ,सुनीता सोनी , मधुश्री माल, सहित समाज के सभी महिला-पुरुष मौजूद थे।



