
सीकर: शहर के नवलगढ़ रोड पर गाड़ियों पर सवार होकर आए कई बदमाशों ने दो युवकों से जमकर मारपीट की। शहर के उद्योग नगर इलाके के नवलगढ़ रोड पर बीती शाम का ये मामला बताया जा रहा है। कुछ बदमाशों ने दो युवकों को बीच सड़क जमकर लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट का वीडियो आसपास के लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में कुछ युवक दो लोगों की डंडों से पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। मारपीट के बीच पीड़ित किसी तरह अपना बचाव कर वहां से भागते हैं। सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। एसआई नेकीराम के मुताबिक नवलगढ़ रोड पर हंसराज और उसके साथी के साथ अरशद नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट करने वाला अरशद अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर आया था और हंसराज व उसके साथी के साथ मारपीट की।
मारपीट में दो युवक घायल हुए हैं जिन्हें एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना में घायल युवकों ने बाइक किराए पर ली थी। शाम को जब युवक किराए की बाइक लेकर वापस जमा कराने पहुंचे तो इस दौरान बाइक में हुई टूट फुट की वजह से दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद पीड़ित से मारपीट की गई। दोनों तरफ से भी मुकदमा दर्ज करवाया गया है। दोनों तरफ से क्रॉस मुकदमे दर्ज होने के बाद उद्योग नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुट गई है।



