
जयपुर: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस एक्टिव मोड पर दिखाई पड़ रही है। पीसीसी पर रोज़ाना बैठकों का दौर जारी है। ब्लॉक अध्यक्षों के बाद शनिवार को पीसीसी में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक शुरू हो गई। बैठक में सरकार रिपीट करने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने संबोधित करते हुए कहा कि आलाकमान ने अब पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी है, संगठन में नियुक्तियां होने से अब सभी को आपस में एकजुटता रखते हुए सरकार रिपीट करने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम जनता के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं, इनको ले जाकर जनता के बीच में जाना होगा। डोटासरा इस दौरान दो टूक नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि अगर मैं काम नहीं करूंगा तो पार्टी मुझे धन्यवाद बोल देगी और किसी और को मेरी जगह मौका देगी इसलिए ये सीधी बात है कि पार्टी के आयोजनों में अगर पदाधिकारी नहीं पहुंचे, तो शाम धन्यवाद पत्र ले लें आकर। हालांकि अगर कोई बहुत जरूरी काम हो, तो उस पर विचार किया जाएगी, लेकिन अब आप पार्टी के सेनापति हैं, इसलिए भाजपा-RSS से दोस्ती निभाना बंद करें।
इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, सह प्रभारी अमृता धवन, काजी निजामुद्दीन और वीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। सह प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि पूरे प्रदेश में अच्छा माहौल है। सभी उत्साह में हैं आने वाले चुनाव में इस उत्साह का परिणाम नजर आएगा। टिकट की बात उस समय करेंगे जब टिकट वितरण होगा।
आज घर पर प्रदेश के AICC सह-प्रभारी काज़ी निज़ामुद्दीन जी, वीरेंद्र राठौड़ जी और अमृता धवन जी के साथ मुलाकात कर सार्थक चर्चा की। @qazinizamuddin@virenderrathor@AmritaDhawan1 pic.twitter.com/JHvhj7kZ3y
— Sachin Pilot (@SachinPilot) July 14, 2023
सचिन पायलट से मुलाकात और पायलट गुट के लोगों को एडजेस्ट नहीं होने के सवाल पर कहा कि यहां ना कोई धड़ा है ना कोई गुट है। जहां एक धड़ा है और एक ग्रुप है राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का। पार्टी में जिसकी जहां योग्यता है उसके अनुसार उससे जिम्मेदारियां दी जाती है। पायलट से मुलाकात को लेकर कहा है कि वह हमारे पार्टी के सम्मानित साथी हैं जब हम पॉलिटिकल लोग मिले हैं तो पॉलिटिकल बातें तो होगी ही।
कांग्रेस विधायक प्रशांत बैरवा ने कहा कि सरकार में कोई एंटी एंकंबैंसी नहीं है, लेकिन अगर कहीं विधायक ने काम नहीं किया तो उनका टिकट कटना चाहिए और नए लोगों को मौका मिलना चाहिए। विधायक मुकेश भाकर ने कहा कि सामने चुनाव है कांग्रेस कैसे मजबूत हो इसके लिए प्रदेश प्रभारी जो रोडमैप बनाएंगे उसके अनुसार काम करेंगे।
प्रदेश महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी योजनाओं के बूते जनता के बीच जाएगी और हम वापस चुनाव जीतेंगे। जसवंत गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूरे 5 साल जनता के कामकाज किए जबकि केंद्र सरकार ने 9 साल में जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया।
जयपुर शहर अध्यक्ष आरआर तिवारी ने कहा कि बीजेपी सिर्फ मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही है, जनता आज बीजेपी के झूठ को समझ चुकी है. हम शहर की आठों सीटों पर चुनाव जीतेंगे। जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष गोपाल मीणा ने कहा कि सभी मिलजुल कर पार्टी के हित में काम करेंगे।



