
करौली: जिले के टोडाभीम ब्लॉक के भीलापाड़ा में 2 दिन से लापता दलित युवती का शव कुएं में पाये जाने से क्षेत्र के लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए करौली-धौलपुर सांसद डॉ. मनोज राजोरिया ने झारखण्ड में होने की वजह से घटना की जानकारी लगते ही जिला कलक्टर और एसपी से इस बारे में जानकारी ली साथ ही दोषियों की तुरन्त गिरफ्तारी के निर्देष भी दिये। मनोज राजोरिया ने इस बाबत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और डीजीपी उमेश मिश्रा को खत लिख कर इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करने और मृतका के परिवार को 50 लाख रूपये का मुआवजा, पीड़ित परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है.
सांसद राजोरिया ने बताया कि मेरे संसदीय क्षेत्र सहित समस्त राज्य में महिला अपराध दिनो दिन बढ़ रहे हैं. पुलिस इन्हें रोकने एवं इनमें न्याय दिलाने में नाकाम नजर नहीं आ रही है। इसी तरह का हत्याकांड पहले भी करौली जिले के मण्डरायल उपखण्ड में देखने को मिला था. इस संबंध पीडित परिवार के साथ मण्डरायल में धरना दिया गया था, तब प्रशासन ने 15 दिनों में इस प्रकरण का खुलासा करने के लिए कहा गया था। जिसका खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर पाई है।
सांसद मनोज राजोरिया ने बताया कि टोडाभीम उपखण्ड क्षेत्र में इस दलित बच्ची के साथ हुए भीषण जघन्य अपराध उपरांत किये गये पोस्टमार्टम में भी प्रथम दृष्टया पाया गया है कि मृतक दलित बच्ची के साथ पहले गैंगरेप किया गया है, फिर उसके सीने में गोली मारी गयी है और इसके बाद उसके चेहरे को एसिड से जलाने का प्रयास भी किया गया है। इस बच्ची की मां के घर से गायब होने पर 02 दिवस पूर्व उसकी गुमषुदगी की रिपोर्ट कराने पुलिस वालों के पास भी गयी थी, परन्तु पुलिसकर्मियों द्वारा इसे गंभीरता नहीं लेते हुए उसे टरका दिया गया।
सांसद डा. राजोरिया ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद डॉ. किरोडी लाल मीना के द्वारा हिण्डौन राजकीय जिला अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजनता के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। मैं सरकारी दौरे में होने के चलते राज्य से बाहर झारखण्ड में हूँ तथा जल्द से जल्द कल – परसों से पीडित परिवार को न्याय दिलाने की लडाई में शामिल रहूँगा।



