
जोधपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोरखपुर से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत रेलसेवा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
वही जोधपुर में आयोजित समारोह में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहें। जोधपुर में आयोजित समारोह में गजेंद्र सिंह शेखावत ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में रेलवे पर अनेकों कार्य हुए हैं जिसमें नई लाइने बिछाना, रेलवे लाईनो का दोहरीकरण और विद्युतीकरण के कार्य तेजी से किए गए हैं।
जोधपुर-अहमदाबाद के लिए सबसे सुगम साधन -पीएम
वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि इस वंदे भारत के संचालन से जोधपुर के निवासियों को अहमदाबाद जाने के लिए तीव्र व सुगम साधन मिलेगा। जिससे इस क्षेत्र के निवासी जो पर्यटन व्यापार और चिकित्सा के लिए अहमदाबाद जाते हैं उनको सहूलियत होगी।
व्यापार, पर्यटन और उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
विजय शर्मा महाप्रबंधक उत्तर रेलवे ने बताया कि जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण इस अवसर पर बताया कि 9 जून से जोधपुर- अहमदाबाद (साबरमती)-जोधपुर वंदे भारत रेलसेवा का नियमित संचालन प्रारंभ किया जाएगा।



